लखनऊ में लैंडिंग के दौरान फ्लाइट से चिंगारी निकली:250 हज यात्रियों को लेकर आई थी
लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर सऊदी अरबिया एयरलाइंस की फ्लाइट एसवी-3112 की लैंडिंग के दौरान पहिए से चिंगारी और धुआं निकलने लगा। पायलट ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए विमान को रोक दिया। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को सूचना दी। इस दौरान विमान में 242 हजयात्री बैठे हुए थे।
एयरपोर्ट की फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर फोम और पानी का छिड़काव किया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद स्थिति पर पूरी तरह काबू पाया। घटना रविवार सुबह 6:30 बजे की है, वीडियो आज सामने आया है।
विमान शनिवार रात 11:30 बजे जेद्दा एयरपोर्ट से हज यात्रियों को लेकर रवाना हुआ था। रविवार सुबह विमान लखनऊ पहुंचा। रनवे पर लैंडिंग के बाद जब विमान टैक्सी-वे पर आ रहा था, तभी यह घटना हुई।
पुश बैक कर टैक्सी-वे पर लाया गया
घटना के दौरान सभी यात्री विमान में ही थे। बाद में विमान को पुश बैक कर टैक्सी वे पर लाया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इंजीनियरों की टीम विमान की तकनीकी खराबी की जांच में जुटी, लेकिन देर शाम तक समस्या का समाधान नहीं हो सका।
रनवे पर उतरते ही निकलने लगा था धुआं
सूत्रों ने बताया कि विमान की लैंडिंग के समय पायलट ने उसके पहिये खोलकर विमान को रनवे पर उतारा, तभी उसके बाएं तरफ के पहिए में खराबी आ गई। यह खराबी हाइड्रोलिक सिस्टम में अचानक लीकेज होने की वजह से बताई जा रही है। इसी से तेज धुएं के साथ चिनगारी उठने से वहां हड़कंप जैसी स्थिति बन गई।
अगर यह खराबी विमान के टेकऑफ के समय हो जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। सूत्रों ने बताया कि हज यात्रियों की वापसी के दौरान सऊदी अरबिया एयरलाइंस का विमान जेद्दा से हज यात्रियों को लेकर यहां आता है, लेकिन यहां से बिना यात्रियों के ही वापस खाली ही जाता है।