वटवा में अवैध कोडीन कफ सिरप बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार
अहमदाबाद शहर के वटवा क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। शहर में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर जी.एस. मलिक, संयुक्त पुलिस कमिश्नर सेक्टर-2 जयपालसिंह राठौड़ और डीसीपी जोन-6 भगिरथ गढ़वी के निर्देश पर शहर में नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। इसी क्रम में एसीपी “जे” डिवीजन एन.के. व्यास के मार्गदर्शन में वटवा पुलिस स्टेशन की टीम ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, 10 मार्च 2026 को सर्विलांस स्क्वॉड के पीएसआई ए.बी. गंधा और टीम पेट्रोलिंग पर थी। इस दौरान एएसआई मनोजभाई रणछोड़भाई को गुप्त सूचना मिली कि वटवा के सदभावना नगर चार मंजिला ब्लॉक क्षेत्र में एक युवक अवैध रूप से कोडीन युक्त कफ सिरप बेच रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर छापा मारकर आरोपी रिजवान उर्फ राजाभाई शेख (उम्र 21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से कोडीन युक्त कफ सिरप की 10 सीलबंद बोतलें बरामद की गईं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1500 रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में वटवा पुलिस स्टेशन में गुन्हा नंबर 11191038260183/2026 दर्ज कर NDPS एक्ट की धारा 8(C), 21(A) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आगे की जांच कर रही है।
रिपोर्टर: जोशी मोहिनकुमार


