चिखली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से ₹5.57 लाख का अवैध शराब जब्त
नवसारी (चिखली): चिखली पुलिस ने प्रतिबंधित शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। यह कार्रवाई नेशनल हाईवे नंबर-48 पर मजीगाम ओवरब्रिज के पास की गई।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एक मारुति सुजुकी बलेनो कार (रजिस्ट्रेशन नंबर GJ-16-CH-5238) को रोका गया। तलाशी के दौरान कार से कुल 19 बॉक्स में भारतीय निर्मित विदेशी शराब (व्हिस्की, बीयर और वोडका) की कुल 660 बोतलें बरामद हुईं, जिनकी कीमत ₹2,52,240 बताई गई है।
इसके अलावा पुलिस ने कार (कीमत ₹3,00,000) और एक मोबाइल फोन (₹5,000) सहित कुल ₹5,57,240 का मुद्देमाल जब्त किया है। मौके से एक आरोपी अनिल (उम्र 34 वर्ष, निवासी वलिया, जिला भरूच) को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने मामले में दो अन्य आरोपियों—जीगो पटेल (वलसाड) और महेश उर्फ मसो वसावा (भरूच)—को वांटेड घोषित किया है, जो शराब की सप्लाई और मांग से जुड़े हुए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक डी.एस. कोराट के मार्गदर्शन में पीएसआई एच.एच. फडदू और सर्विलांस टीम द्वारा की गई। चिखली पुलिस स्टेशन में प्रोहिबिशन एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
रिपोर्टर: नेहल पटेल


