राजस्थान में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट, धूलभरी आंधी चलेगी:UP समेत 6 राज्यों में भी चढ़ेगा पारा
देश का उत्तर पश्चिमी इलाका इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को राजस्थान में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रविवार को राज्य का श्रीगंगानगर सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां 47.4°C तापमान दर्ज किया गया।
विभाग के मुताबिक 11 जून तक बीकानेर संभाग में पारा 45 से 47 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। 10 जून के बीच 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी हवाएं चल सकती हैं।
राजस्थान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, जम्मू कश्मीर में भी आज तापमान बढ़ सकता है। दिल्ली में सोमवार को तापमान 43 डिग्री रहने और धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है।
मानसून की बात करें तो यह अभी भी बिहार, बंगाल की सीमा पर अटका है। मध्य प्रदेश में 15 जून तक इसके पहुंचने की संभावना है। दक्षिणी राज्यों दक्षिण पश्चिम मानसून के कारण आज कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है।
मई में सबसे ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड
भारत मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि 1901 में जबसे रिकॉर्ड रखा जा रहा है, तबसे मई 2025 सबसे ज्यादा बारिश वाला मई महीना रहा है। इस साल देश में औसतन 126.7 मिमी बारिश हुई, जो कि लंबे समय के औसत (LPA) 61.4 मिमी से 106% ज्यादा है।
आईएमडी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, मई 2025 में पूरे भारत में औसतन 126.7 मिमी और मध्य भारत में 100.9 मिमी बारिश हुई, जो 1901 के बाद सबसे ज्यादा है।
चाटेन में रविवार को भी हुआ लोगों का रेस्क्यू
1 जून की शाम को चाटेन में एक मिलिट्री कैंप भूस्खलन की चपेट में आ गया। भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के कारण क्षेत्र में सड़क संपर्क टूट जाने के कारण उत्तरी सिक्किम के चाटेन में फंसे कम से कम 28 लोगों और 20 जवानों को रविवार को एयर लिफ्ट किया गया। लापता सैनिकों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। रेस्क्यू से पहले खराब मौसम के कारण उत्तरी सिक्किम के लाचेन, लाचुंग और चुंगथांग शहरों में करीब 2,000 पर्यटक कई दिनों तक फंसे रहे थे।
अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम
10 जून- राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट है। लू चल सकती है। केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है।
11 जून- राजस्थान,पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है।