सेंसेक्स 260 अंक चढ़कर 80,998 पर बंद हुआ:निफ्टी में 77 अंक की तेजी रही
शेयर बाजार में आज यानी 4 जून को तेजी रही। सेंसेक्स 260 अंक की बढ़त के साथ 80,998 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 78 अंक की बढ़त के साथ 24,620 के स्तर पर बंद हुआ है।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 19 में तेजी और 11 में गिरावट रही। मेटल, ऑटो, बैंकिंग और IT शेयर में ज्यादा तेजी देखने को मिली। वहीं रियल्टी शेयर्स में 0.70% की गिरावट रही। इसके अलावा आज मेन बोर्ड सेगमेंट IPO स्कोडा ट्यूब्स के शेयर की बाजार में फ्लैट लिस्टिंग हुई।
एशियाई बाजारों में भी तेजी
- एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 300 अंक (0.80%) की तेजी के साथ 37,747 पर और कोरिया का कोस्पी 71 अंक ऊपर 2,770 पर बंद हुआ।
- हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 141 अंक तेजी 23,654 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं चीन का शंघाई कंपोजिट 14 अंक की तेजी के साथ 3,376 पर बंद हुआ।
- 3 जून को अमेरिका का डाउ जोन्स 214 अंक चढ़कर 42,519 पर बंद हुआ। वहीं नैस्डेक कंपोजिट 156 अंक चढ़कर 19,398 पर और S&P 500 5,970 पर तेजी के साथ बंद हुआ।
स्कोडा ट्यूब्स के शेयर की फ्लैट लिस्टिंग
स्टेनलेस स्टील ट्यूब और पाइप बनाने वाली कंपनी स्कोडा ट्यूब्स का शेयर आज NSE पर बिना बढ़त के साथ 140 रुपए पर लिस्ट हुआ। हालांकि लिस्टिंग के बाद में शेयर में 5% की तेजी के साथ 147 रुपए पर बंद हुआ। इस शेयर का इश्यू प्राइस भी 140 रुपए प्रति शेयर था।
रिजर्व बैंक की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी मीटिंग शुरू हुई
रिजर्व बैंक (RBI) की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) मीटिंग आज से शुरू हुई। एक्सपर्ट्स के अनुसार मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी इस बार भी रेपो रेट में 0.25% कटौती कर सकती है। यानी, आने वाले दिनों में लोन सस्ते हो सकते हैं।
6 जून को सुबह 10 बजे RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा इस मीटिंग में लिए गए फैसलों की जानकारी देंगे। इससे पहले हुई दो बैठक में 0.50% की कटौती हो चुकी है। इससे रेपो रेट गिरकर 6% पर आ गई है। MPC में 6 सदस्य होते हैं। इनमें से 3 RBI के होते हैं, जबकि बाकी केंद्र सरकार द्वारा नियुक्त किए जाते हैं।
अमेरिका में स्टील और एल्युमिनियम पर 50% टैरिफ लागू हुआ
अमेरिका में आज से स्टील और एल्युमिनियम के आयात पर 50% टैरिफ लागू हो गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इससे जुड़े आदेश पर साइन कर दिए हैं।
हालांकि उन्होंने इस टैरिफ से ब्रिटेन को बाहर रखा है। उस पर पहले की तरह 25% टैरिफ ही लागू होगा, क्योंकि अमेरिका और ब्रिटेन के बीच पहले से ट्रेड समझौते पर बातचीत जारी है।
ट्रम्प ने 30 मई को स्टील और एल्यूमीनियम इंपोर्ट पर मौजूदा टैरिफ को 25% से बढ़ाकर 50% करने घोषणा की थी।
कल बाजार में गिरावट रही
शेयर बाजार में 3 जून को गिरावट रही। सेंसेक्स 636 अंक गिरकर 80,737 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 174 अंक की गिरावट रही। ये 24,542 के स्तर पर बंद हुआ।
आज सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 29 में गिरावट और सिर्फ 1 में बढ़त रही। वहीं निफ्टी 50 के 43 शेयर लाल निशान में बंद हुए। बैंकिंग, IT और एनर्जी शेयर्स ज्यादा गिरावट रही।