Loading...

जयपुर की 2 कोर्ट में बम ब्लास्ट की धमकी:मेल में लिखा- 3 आईडी से होंगे धमाके

जयपुर के 2 कोर्ट में बम ब्लास्ट की धमकी मिली है। इनमें एक जयपुर मेट्रो कोर्ट व एक फैमिली कोर्ट है। धमकी भरे ई-मेल के बाद हड़कंप मच गया है। मेल में आज दोपहर 2 बजे तक धमाके करने की जानकारी है।

इसके बाद पूरे परिसर को खाली कराया गया है। मौके पर पहुंचे बम और डॉग स्क्वॉयड ने तलाशी शुरू की। जयपुर मेट्रो कोर्ट में करीब एक घंटे तक सर्च करने के बाद परिसर को सेफ बताया है। वहीं, फैमिली कोर्ट ज्योति नगर में सर्च जारी है।

जज ने दी पुलिस कमिश्नर को जानकारी

जयपुर मेट्रो कोर्ट (प्रथम) के जज पवन कुमार ने पुलिस कमिश्नर को धमकी भरे ई-मेल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ई-मेल 29 मई को सुबह 4.49 बजे मिला।

लेकिन कोर्ट बंद होने के कारण 30 मई को सुबह करीब 8.15 बजे ई-मेल देखा था। इसी ई-मेल में ज्योति नगर फैमिली कोर्ट में में भी ब्लास्ट की जानकारी है।

जयपुर में बम ब्लास्ट की धमकी का लंबा सिलसिला

इससे पहले 13 मई, 12 मई और 8 मई को सवाई मानसिंह स्टेडियम को उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसमें 13 मई को मिले मेल में बम से उड़ाने की धमकी के साथ ही रेप पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की गई थी

9 मई को जयपुर मेट्रो को बम से उड़ने की धमकी मिली थी। जयपुर मेट्रो की मेल आईडी पर ईमेल मिला था। इसमें ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद जयपुर मेट्रो स्टेशन और ट्रेन दोनों को उड़ाने की धमकी दी गई थी। लेकिन जांच में कुछ नहीं मिला था।