Loading...

इलॉन मस्क ने ट्रम्प सरकार का साथ छोड़ा:कहा- राष्ट्रपति को थैंक्यू

टेस्ला के मालिक और अमेरिकी अरबपति इलॉन मस्क ने ट्रम्प प्रशासन छोड़ दिया है। उन्होंने भारतीय समय के मुताबिक गुरुवार सुबह 5.30 बजे सोशल मीडिया X पर यह जानकारी दी।

मस्क ने कहा कि स्पेशल गवर्नमेंट एंप्लायी के तौर पर मेरा समय पूरा हुआ। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प को धन्यवाद भी दिया।

ट्रम्प ने मस्क को डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (DOGE) का जिम्मा दिया था। जिसका काम सरकार की फिजूलखर्ची कम करना था।

ट्रम्प के 'बिग ब्यूटीफुल बिल' के खिलाफ थे मस्क

मस्क उस बिल का विरोध कर रहे थे जिसे ट्र्म्प ने बिग ब्यूटीफुल बताया था। DOGE छोड़ने से पहले मस्क ने कहा कि DOGE का काम खर्चों में कटौती करना है और यह बिल उस मकसद के खिलाफ है।

इस्तीफे के एक दिन बाद कार्यकाल खत्म होना था

जानकारी के मुताबिक ट्रम्प ने राष्ट्रपति बनने के बाद DOGE प्रमुख के तौर पर मस्क की नियुक्ति 30 मई 2025 तक के लिए ही की थी। यानी जब मस्क ने इस्तीफा दिया, उसके एक दिन बाद ही उनका कार्यकाल खत्म हो रहा था।

सरकार से अलग, ट्रम्प से भी दूरी के संकेत

मस्क ने DOGE छोड़ने से एक दिन पहले अमेरिकी टीवी चैनल CBS को दिए इंटरव्यू में कहा - राजनीति में जितना करना था कर लिया। अब चंदा नहीं दूंगा।

वॉशिंगटन पोस्ट को दिए इंटरव्यू में मस्क ने कहा था- फेडरल ब्यूरोक्रेसी की हालत जितनी सोची थी, उससे कहीं ज्यादा खराब है।

ये दोनों बयान संकेत है कि मस्क राजनीति से दूरी बनाएंगे। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मस्क अब सरकारी भूमिका से हटकर फिर से टेस्ला और स्पेसएक्स जैसी अपनी कंपनियों पर ध्यान देने जा रहे हैं।

'बिग ब्यूटीफुल बिल' के 5 पॉइंट्स, जिनसे मस्क नाराज

  1. ट्रम्प ने 2017 में इनकम टैक्स और एस्टेट टैक्स में जो कटौती की थी, यह बिल उसे स्थायी बनाता है। साथ ही टैक्स कटौती को बढ़ाने का प्रस्ताव।
  2. ओवरटाइम, टिप्स, और सोशल सिक्योरिटी इनकम पर नए टैक्स कटौती का प्रस्ताव है। व्हाइट हाउस का कहना है कि सालाना 30,000 से 80,000 डॉलर कमाने वालों के टैक्स में अगले साल 15% की कटौती होगी।
  3. बॉर्डर सिक्योरिटी (अवैध इमिग्रेश रोकने के लिए) और अमेरिकी सेना व रक्षा को मजबूत करने पर ज्यादा खर्च करने पर जोर।
  4. सरकार में फिजूलखर्ची, धोखाधड़ी और दुरुपयोग रोकने के लिए कड़े इंतजाम।
  5. डेब्ट सीलिंग यानी सरकार कितना कर्ज ले सकती है, उसकी सीमा बढ़ाना। ये सीमा समय-समय पर बढ़ानी पड़ती है ताकि सरकार अपने बिल और खर्चे चुका सके। अगर इसे नहीं बढ़ाया गया, तो सरकार अपने बिल नहीं चुका पाएगी।

मस्क और ट्रम्प के बीच पहले भी मतभेद रहे

UAE में AI कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिलने से मस्क नाखुश

ट्रम्प के मिडिल ईस्ट में एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) डेटा सेंटर के लिए अपने विरोधी कंपनी को मिले सौदे पर भी नाराजगी जताई। दरअसल, 22 मई को OpenAI को UAE में एक बड़ा AI डेटा सेंटर बनाने का अनुबंध मिला था।मस्क की कंपनी xAI ने भी इस सौदे में शामिल होने की कोशिश की थी। लेकिन असफल रहे। इसके बाद मस्क ने ट्रम्प के सलाहकार डेविड सैक्स और अन्य अधिकारियों से इस सौदे की निष्पक्षता पर सवाल उठाए थे।

100 मिलियन डॉलर का वादा कर पैसे नहीं दिए

मस्क ने 2024 के चुनाव में ट्रम्प के लिए 250 मिलियन डॉलर खर्च किए थे और 2026 के मिडटर्म इलेक्शन से पहले ट्रम्प की टीम को 100 मिलियन डॉलर देने का वादा किया था। लेकिन अभी तक यह नहीं दी गई, जिससे ट्रम्प के सहयोगी नाराज हैं।

ट्रम्प को गोली लगने के बाद मस्क का मिला था साथ

मस्क ने डोनाल्ड ट्रम्प के राष्ट्रपति बनने का पहली बार समर्थन 13 जुलाई 2024 को सार्वजनिक रूप से किया। इसी दिन ट्रम्प पर पेनसिल्वेनिया में जानलेवा हमला हुआ था।

इसके बाद उन्होंने ट्रम्प के अभियान के लिए अमेरिका PAC (पॉलिटिकल एक्शन कमेटी) के माध्यम से लाखों डॉलर का दान देना शुरू किया।

2016 के राष्ट्रपति चुनाव में मस्क ने ट्रम्प की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि वे इस पद के लिए सही व्यक्ति नहीं हैं। उन्होंने 2020 में जो बाइडेन का समर्थन किया था और 2022 में ट्रम्प के साथ उनकी कुछ तीखी बहस भी हुई थी।


Image Gallery