राजस्थान में 46 डिग्री तापमान पहुंचने की आंशका:MP में तीन दिन भारी बारिश
देश भर के आधे से ज्यादा राज्यों में मानसूनी बारिश के बीच राजस्थान में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग ने आज हीटवेव और धूल भरी आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों के दौरान राजस्थान में तापमान 45 से 46 डिग्री पहुंच सकता है। गर्मी से बुधवार को बूंदी में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।
मध्य प्रदेश के ज्यादातर में आज से तीन दिनों तक आंधी और भारी बारिश का अलर्ट है। कुछ जिलों में हवा की रफ्तार 60km प्रति घंटा तक रहेगी। 25 मई से नौतपा शुरू होने के बाद गर्मी की बजाय आंधी-बारिश जारी है। आमतौर पर नौतपा में पारा 48 डिग्री तक पहुंच जाता है, लेकिन इस बार मई में पहली बार पारा 45 डिग्री भी नहीं पहुंचा है।
छत्तीसगढ़ में नौतपे के बीच तय तारीख के 12 दिन पहले ही मानसून की एंट्री हो गई है। आमतौर पर मानसून 10 जून तक आता है, लेकिन इस बार 28 मई को दंतेवाड़ा को पार कर गया है। छत्तीसगढ़ में 5 दिन में 34.6 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य बारिश से 9 गुना ज्यादा है।
दिल्ली में आज मौसम विभाग ने बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। यहां अगले तीन दिनों, यानी 31 मई के दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने, गरज के साथ तूफान और बारिश होने की आशंका है।
उधर, यूपी में गर्मी के बीच मौसम अचानक बदल गया है। लखनऊ में गुरुवार सुबह तेज बारिश हुई। कई जिलों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने आज 50 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मिर्जापुर में 8 लोगों पर बिजली गिर गई। इसमें 2 सगी बहनों की मौत हो गई।
राज्यों में बारिश का असर
पश्चिम बंगाल: राज्य में आज मानसून की एंट्री हो सकती है। 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। राज्य सरकार ने निचले इलाकों से लोगों को हटाना शुरू कर दिया है। तटीय जिलों में आपदा प्रबंधन कर्मचारियों को तैनात किया है।
ओडिशा: राज्य में बुधवार को तय समय से 13 दिन पहले मानसून पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून (जून से सितंबर) में औसत से 106% ज्यादा बारिश का अनुमान है। मछुआरों को 29 मई से 1 जून के तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
असम: अगले 2-3 दिनों के दौरान तेज बारिश की चेतावनी है। आज 23 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। निचले इलाकों में बाढ़, पेड़ उखड़ने और लैंडस्लाइड का खतरा हो सकता है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) ने गुवाहाटी में लोगों से सावधानी बरतने का निर्देश दिया है।
मिजोरम: भारी बारिश और आंधी की आशंका के कारण गुरुवार को स्कूल बंद रहेंगे। डिजास्टर मैनेजमेंट और रिहैबिलिटेशन डिपार्टमेंट ने लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर- 1077, 1070/0389-2342520 और 112 जारी किए हैं। राज्य में लैंडस्लाइड की आंशका ज्यादा रहती है। राज्य में पिछले साल मई में भारी बारिश के कारण हुए लैंडस्लाइड में 30 से ज्यादा लोग मारे गए थे।