सेंसेक्स 450 अंक गिरकर 81,725 पर कारोबार कर रहा:निफ्टी में 150 अंकों की गिरावट
हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन आज यानी मंगलवार, 27 मई को सेंसेक्स करीब 450 अंक गिरकर 81,725 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी करीब 150 अंक की गिरावट है, ये 24,850 के स्तर पर है।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 में गिरावट 8 में तेजी है। अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर 2.25% गिरा है। NTPC और महिंद्रा के शेयर में 1% तक की गिरावट है। इंडसइंड बैंक में 2.26% की तेजी है।
निफ्टी के 50 में से 35 शेयरों में गिरावट जबकि 15 में तेजी है। NSE के IT इंडेक्स में 0.93%, ऑटो में 0.60% और प्राइवेट बैंक में 0.73% की गिरावट है। मीडिया, फार्मा और रियल्टी में मामूली तेजी है।
ग्लोबल मार्केट में गिरावट
- एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई करीब 100 अंक नीचे 37,440 और कोरिया का कोस्पी 13 अंक गिरकर 2,631 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
- हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 73 अंक (0.31%) गिरकर 23,209 पर और चीन का शंघाई कंपोजिट 11 अंक नीचे 3,335 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
- 23 मई को अमेरिका का डाउ जोन्स 256 अंक गिरकर 41,603 पर, नैस्डेक कंपोजिट 188 अंक (1%) नीचे 18,737 पर और S&P 500 भी 39 अंक (0.67%) गिरकर 5,802 पर बंद हुआ।
26 मई को घरेलू निवेशकों ने 1,746 करोड़ के शेयर खरीदे
- 26 मई को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने कैश सेगमेंट में 135.98 करोड़ रुपए और घरेलू निवेशकों (DIIs) ने 1,745.72 करोड़ रुपए की खरीदारी की।
- मई महीने में अब तक विदेशी निवेशकों ने कैश सेगमेंट में 12,327.59 करोड़ रुपए और घरेलू निवेशकों ने 36,243.28 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी है।
- अप्रैल महीने में विदेशी निवेशकों की नेट खरीदारी 2,735.02 करोड़ रुपए रही। घरेलू निवेशकों ने भी महीनेभर में ₹28,228.45 करोड़ की नेट खरीदारी की।
'द लीला' होटल्स का IPO का आज दूसरा दिन
भारतीय लग्जरी होटल चेन 'द लीला' की पैरेंट कंपनी श्लॉस बैंगलोर लिमिटेड का IPO आज यानी 26 मई से सब्सक्रिप्शन के लिए ओपन हो गया है। रिटेल निवेशक इसके लिए 28 मई 2025 तक बोली लगा सकते हैं। इस इश्यू के जरिए कंपनी 3,500 रुपए जुटाना चाहती है।
इस IPO में कंपनी 2,500 करोड़ रुपए के 5.75 करोड़ नए शेयर इश्यू करेगी। 1,000 करोड़ रुपए कीमत के 2.30 करोड़ शेयर ऑफर फॉर सेल के तहत रहेंगे।
कल बाजार में रही थी 455 अंक की तेजी
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार, 26 मई को शेयर बाजार में तेजी रही। सेंसेक्स 455 अंक चढ़कर 82,176 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 148 अंक की तेजी रही, ये 25,001 के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के 30 में से 22 शेयरों में तेजी और 8 में गिरावट रही। महिंद्रा, HCL टेक, टाटा मोटर्स सहित कुल 9 शेयर्स 2.17% तक ऊपर बंद हुए। इटरनल यानी जोमैटो में 4.55% की गिरावट रही।
निफ्टी के 50 में से 38 शेयरों में तेजी और 12 में गिरावट रही। NSE के सभी सेक्टर्स ऊपर बंद हुए। ऑटो इंडेक्स में 1.05%, मेटल में 0.94%, IT में 1.02% और रियल्टी में 0.76% की तेजी रही।