Loading...

बिजली गिरने से महाराष्ट्र-झारखंड में 7 की मौत:MP-UP समेत 11 राज्यों में आंधी-बारिश

मौसम विभाग ने आज मंगलवार को MP-UP समेत 11 राज्यों में आंधी-बारिश के साथ तूफान का अलर्ट जारी किया है। झारखंड, बिहार समेत 13 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी है। महाराष्ट्र में बिजली गिरने से 2 और झारखंड में 5 मौतें हुईं हैं।

बेंगलुरु में सोमवार से ही तेज बारिश हो रही है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति है। शहर की अधिकतर सड़कों में पानी भर गया है। मौसम विभाग ने लगातार दूसरे दिन बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

बारिश के कारण बेंगलुरु में 3 लोगों की मौत हो गई है। BTM लेआउट इलाके में पानी भरे अपार्टमेंट में करंट लगने से 12 साल के बच्चे और 63 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं, व्हाइटफील्ड इलाके में दीवार गिरने से 35 साल की महिला की मौत हुई है।

हरियाणा-राजस्थान समेत 4 राज्यों में हीटवेव चलने की संभावना है।। मध्य प्रदेश का खजुराहो में पारा 46 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। उत्तर प्रदेश का बांदा 46.6 डिग्री के साथ देश में सबसे ज्यादा गर्म रहा।

आगे बढ़ा दक्षिण पश्चिम मानसून

मौसम विभाग ने 19 मई को बताया कि अगले 2-3 दिनों में मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में एक या दो स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी।

अगले 2 दिन मौसम का हाल

21 मईः कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, असम, मेघालय, बिहार, केरल, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में तेज बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़, गोवा, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश में आंधी बारिश का अलर्ट है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में हीट वेव की चेतावनी है।

22 मई: महाराष्ट्र में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। असम, मेघालय, सिक्किम, झारखंड, बिहार, कोंकण, गोवा, तेलंगाना, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश समेत 23 राज्यों में बारिश होगी। राजस्थान में हीट वेव और धूल भरी आंधी चल सकती है।