सेंसेक्स 271 अंक गिरकर 82,059 पर बंद:74 अंक लुढ़का
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन आज यानी सोमवार, 19 मई को शेयर बाजार में गिरावट रही। सेंसेक्स 271 अंक नीचे 82,059 पर बंद हुआ। निफ्टी में 74 अंक की गिरावट रही, ये 24,945 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 21 में गिरावट रही। जोमैटो 3% फिसला। इंफोसिस, टेक महिंद्रा और TCS में 2% तक की गिरावट रही। पावर ग्रिड, NTPC और बजाज फाइनेंस 1.3% ऊपर बंद हुए।
निफ्टी के 50 शेयरों में से 34 नीचे बंद हुए। NSE के IT सेक्टर में सबसे ज्यादा 1.37% की गिरावट रही। मीडिया और ऑयल एंड गैस में भी मामूली गिरावट रही। जबकि, रियल्टी में 2.23%, सरकारी बैंकों में 1.48% और फाइनेंशियल सर्विसेज में 0.62% की तेजी रही।
प्रोटिअन ई-गवर्नेंस के शेयर में 20% का लोअर सर्किट लगा
पैन बनाने वाली IT सर्विस कंपनी प्रोटिअन ई-गवर्नेंस टेक्नोलॉजीज के शेयर में आज 20% का लोअल-सर्किट लग गया। क्योंकि पिछले हफ्ते इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने PAN 2.0 प्रोजेक्ट के लिए कंपनी का आवेदन रिजेक्ट कर दिया था। आज कंपनी का शेयर ₹1,143 पर ओपन हुआ। पिछले हफ्ते के आखिरी दिन यानी शुक्रवार (16 मई) को यह ₹1,428.90 पर बंद हुआ था।
एशियाई बाजारों में गिरावट, अमेरिकी में तेजी
- एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 255 अंक (0.68%) नीचे 37,499 पर और कोरिया का कोस्पी 23 अंक (0.9%) गिरकर 2,603 पर बंद हुआ।
- हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स में मामूली गिरावट रही ये 23,333 पर बंद हुआ। चीन का शंघाई कंपोजिट फ्लैट 3,367 पर बंद हुआ।
- 16 मई को अमेरिका का डाउ जोन्स 332 अंक (0.78%) चढ़कर 42,655 पर बंद हुआ। नैस्डेक कंपोजिट में 99 अंक की तेजी रही, ये 19,211 पर बंद हुआ। S&P 500 में 0.70% की तेजी रही।
मई में घरेलू निवेशकों ने ₹23,783 करोड़ की खरीदारी की
- 16 मई को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने कैश सेगमेंट में 8,831 करोड़ रुपए और घरेलू निवेशकों (DIIs) ने 5,187 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी की।
- मई महीने में अब तक विदेशी निवेशकों ने कैश सेगमेंट में 23,782.64 करोड़ रुपए और घरेलू निवेशकों ने 23,298.55 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी है।
- अप्रैल महीने में विदेशी निवेशकों की नेट खरीदारी 2,735.02 करोड़ रुपए रही। घरेलू निवेशकों ने भी महीनेभर में ₹28,228.45 करोड़ की नेट खरीदारी की।
कल बोराना वीव्स लिमिटेड का IPO ओपन होगा
बोराना वीव्स लिमिटेड का IPO यानी इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग 20 मई को ओपन हो रहा है। निवेशक इस इश्यू के लिए 22 मई तक बोली लगा सकेंगे। कंपनी के शेयर 27 मई को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर लिस्ट होंगे।
इस इश्यू के जरिए कंपनी कुल 145 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। इसके लिए कंपनी करीब 67 लाख फ्रेश शेयर्स जारी करेगी। इश्यू में कंपनी के मौजूदा निवेशक या प्रमोटर ऑफर फॉर सेल यानी OFS के जरिए एक भी शेयर नहीं बेचेंगे।
शुक्रवार को 200 अंक गिरा था बाजार
पिछले हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार 16 मई को बाजार में गिरावट रही थी। सेंसेक्स 200 अंक गिरकर 82,330 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 42 अंक की गिरावट रही। ये 25,019 के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 14 में गिरावट और 16 में बढ़त देखने को मिली। आज बैंकिंग और IT शेयर्स में ज्यादा गिरावट है। वहीं एनर्जी और फाइनेंस शेयर्स मजबूती के साथ बंद हुए।