सरकारी वेबसाइट्स में सट्टेबाजी की लिंक भेज रहे चीनी हैकर्स
चीनी हैकर्स ने सरकारी वेबसाइट्स को सट्टेबाजी का नया हथियार बना लिया है। यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (UCG), इंडिया पोस्ट और राष्ट्रीय करियर सेवा (NCS) जैसी साइट्स के जरिए आईपीएल सट्टे के लिंक भेजे जा रहे हैं।
हालांकि, जब आप सामान्य रूप से इन सरकारी वेबसाइट्स को खोलेंगे, तब ये लिंक नहीं दिखेंगे। लेकिन, यदि सट्टेबाजी के लिए विज्ञापन या मैसेज से कोई लिंक मिलता है, जिसमें सरकारी वेबसाइट का डोमेन है, तो अलर्ट हो जाएं।
ऐसा इसलिए किया जाता है, क्योंकि सरकारी वेबसाइट पर लोगों का ज्यादा भरोसा है। यह पूरा नेटवर्क चीन से चल रहा है। सट्टे की रकम क्रिप्टो के जरिए चीन-पाकिस्तान भेजी जा रही है।
ऐसे काम करता है ये पूरा नेटवर्क मप्र, हरियाणा, छत्तीसगढ़, राजस्थान, पंजाब और महाराष्ट्र सरकार के तमाम विभागों की साइट्स पर भी ये लिंक हैं। जब यूजर इन लिंक के जरिए साइट पर पहुंचता है, तो सीधे गेमिंग पेज खुलता है। यहां एप डाउनलोड करवाते हैं। फिर यूजर को टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा जाता है।
ग्रुप में रोजाना सट्टे के रेट और ऑफर मिलते हैं। शुरू में फ्री बोनस टोकन दिए जाते हैं। इसके बाद कम से कम ₹10 हजार जमा करवाए जाते हैं। इससे यूजर 1 लाख तक की बेटिंग कर सकता है। इस तरह रोज हजारों करोड़ रुपए का सट्टा लगाया जा रहा है।
सरकारी वेबसाइट का डेटा भी चोरी का खतरा
- पिछले दो साल से लगातार इस तरह के हमले हो रहे हैं। केंद्रीय साइबर सुरक्षा में लगी सर्ट जैसी एजेंसियां लगातार अलर्ट भेजती हैं। कुछ समय के लिए वेबसाइट सुधारी भी जाती हैं, लेकिन कुछ समय बाद फिर हालात पहले जैसे हो जाते हैं।
- सर्ट के अनुसार, सरकारी वेबसाइट्स पर सट्टेबाजी की करीब 500 लिंक हैं।
- हैकर्स सरकारी वेबसाइट का डेटा चुराकर बेच रहे या ओपन सोर्स पर डाल रहे।
ये रहे सबूत... राज्यों की वेबसाइट्स में ‘खेल’
- site:*.GOV.IN/* betting Mahadev डालने पर यूनिवर्सिटी ग्रांट कमिशन (यूजीसी) की साइट पर सात तरह के बेटिंग एप की लिंक है। इसमें रमी और लूडो भी।
- श्रम व रोजगार मंत्रालय द्वारा संचालित राष्ट्रीय करियर सेवा एनसीएस की साइट पर 777 गेमिंग का लिंक है।
- मप्र सरकार के पोर्टल पर भी रमी, लूडो व बेटिंग के 7 एप का लिंक डाउनलोड करने को कहा जाता है।
- हरियाणा सरकार की वेबसाइट पर स्पिन गेम की लिंक है। इसमें 200 रु. की फीस के साथ जुड़ने या दोस्तों को इनवाइट करने पर 50 रु. का बोनस भी ऑफर कर रहे।
- संचार मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले इंडिया पोस्ट की साइट पर 1 गेम की लिंक मिल रही है।
- छत्तीसगढ़ सरकार की वेबसाइट rda.cgstate.gov.in पर आपको 777 गेम के लिंक उपलब्ध हैं। ऐसे लिंक राजस्थान, पंजाब व महाराष्ट्र सरकार की वेबसाइट पर भी पाए गए।
भारत पर 15 लाख साइबर अटैक, सिर्फ 150 कामयाब
22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत पर साइबर अटैक की एकदम से बाढ़ सी आ गई थी। महाराष्ट्र साइबर सेल ने बताया था कि पाकिस्तानी हैकरों ने भारत में 15 लाख साइबर अटैक किए। इनमें से सिर्फ 150 ही कामयाब रहे।
सेल ने कहा था कि हमने हमला करने वाले 7 एडवांस्ड परसिसटेंट थ्रेट (APT) ग्रुप्स की पहचान की है। भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सीजफायर के बाद भी भारतीय वेबसाइटों को पाकिस्तान, बांग्लादेश और सेंट्रल-ईस्ट देशों से साइबर अटैक का सामना करना पड़ रहा है।
सेल ने कहा कि मुंबई एयरपोर्ट से डेटा चुराने, एविएशन, म्यूनिसिपैलिटी सिस्टम और चुनाव आयोग की वेबसाइट हैक करने के दावे किए गए थे, जो पूरी तरह से गलत हैं। हमने कॉन्फ्लिक्ट से जुड़ी 5 हजार से ज्यादा फर्जी खबरें भी हटाईं हैं।