देश के 16 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट:बिहार में दीवार गिरने से 2 की मौत
मौसम विभाग ने रविवार को 16 राज्यों में आंधी-बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है।
राजस्थान में शनिवार को 3 जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई। श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर, चूरू समेत कई शहरों में पारा 43°C से ऊपर दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने आज राज्य के 5 जिलों में हीटवेव और 14 में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
मध्य प्रदेश में शनिवार को दिन के बाद मौसम बदला, भोपाल में बूंदाबांदी और इंदौर में तेज बारिश हुई। ग्वालियर में आंधी चली। मौसम विभाग ने आज राज्य के 21 जिलों में आंधी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
बिहार के 38 जिलों में आज बारिश-आंधी और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट है। 26 जिलों के लिए ऑरेंज और 12 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को भी राज्य में आंधी-बारिश का दौर रहा। गया में दीवार गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई।
दिल्ली-NCR में शनिवार शाम तेज आंधी-बारिश हुई। आंधी के कारण अशोक नगर रैपिड मेट्रो स्टेशन टीन शेड उखड़ गई और सड़क पर आ गिरी। इसके अलावा कई इलाकों में पेड़ भी उखड़ गए।
मॉनसून की स्थिति
दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण अरब सागर, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान द्वीप समूह और अंडमान सागर के शेष भागों तथा पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ भागों पर आगे बढ़ा है। मौसम के मुताबिक अगले तीन-चार दिनों के दौरान दक्षिण अरब सागर, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, मध्य बंगाल की खाड़ी तथा उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ भागों पर दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए सही स्थिति है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत में कुछ स्थानों पर तापमान 45°C तक बढ़ गया है। हमारा अनुमान है कि अगले 4-5 दिनों तक राजस्थान के कुछ इलाकों में लू चलेगी, उत्तर प्रदेश में भी अगले तीन-चार दिनों तक लू चलेगी। दिल्ली में हमने येलो अलर्ट है। 20 मई के बाद और 22 मई तक दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पंजाब का तापमान बढ़ा है।
कल के मौसम का हाल
- 19 मई: मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी आंधी-बारिश और तूफान की स्थिति रहेगी। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल में तेज बारिश की संभावना है। तेज आंधी भी चल सकती है। अरुणाचल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय में आंधी-बारिश की चेतावनी है। गोवा, महाराष्ट्र में हल्की बारिश हो सकती है।