Loading...

सेंसेक्स 880 अंक गिरकर 79,454 पर बंद:निफ्टी 266 अंक लुढ़का

हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन आज यानी शुक्रवार, 9 मई को शेयर बाजार में गिरावट रही। सेंसेक्स 880 अंक (1.10%) गिरकर 79,454 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 266 अंक (1.10%) की गिरावट रही, ये 24,008 के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 में गिरावट रही। ICICI बैंक 3.24% नीचे आ गया। पावर ग्रिड,अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, रिलायंस सहित कुल 16 स्टॉक्स करीब 3% गिरकर बंद हुए। हालांकि, टाइटन, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा मोटर्स और SBI में 4.25% तक चढ़कर बंद हुए।

निफ्टी के 50 शेयरों में से 38 में गिरावट रही। रियल्टी सेक्टर में 2.38%, फाइनेंशियल सर्विसेज में 1.76%, प्राइवेट बैंक में 1.29% और ऑयल एंड गैस में 0.78% की गिरावट रही। जबकि, सरकारी बैंकिंग इंडेक्स 1.59% मीडिया 0.95% और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.92% ऊपर बंद हुए।

बाजार में गिरावट के तीन कारण

  • भारत-पाकिस्तान तनाव: पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसे हालात हैं। इसके चलते निवेशकों में अनिश्चितता और डर का माहौल है, जिससे बाजार में भारी बिकवाली है।
  • ग्लोबल मार्केट का दबाव: अमेरिकी शेयर बाजारों में हाल की अस्थिरता, भारतीय बाजार को प्रभावित कर रही है। अमेरिकी डॉलर इंडेक्स में तेजी भी बाजार दबाव का कारण है।
  • मुनाफा वसूली: शेयर बाजार के हाल के हाई-लेवल्स के बाद निवेशकों ने मुनाफा वसूली शुरू की। जिसके चलते सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट देखी जा रही है। उन सेक्टर्स में सबसे ज्यादा बिकवाली है जिनमें ज्यादा तेजी थी।

ग्लोबल मार्केट में तेजी

  • एशियाई बाजारों में, जापान का निक्केई 575 अंक (1.56%) की तेजी के साथ 37,503 के स्तर पर बंद हुआ। कोरिया के कोस्पी में मामूली गिरावट रही ये 2,577 पर बंद हुआ।
  • हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग इंडेक्स में 92 अंक (0.40%) की तेजी रही, ये 22,868 पर बंद हुआ। वहीं, चीन का शंघाई कंपोजिट मामूली गिरावट के बाद 3,342 पर बंद हुआ।
  • 8 मई को अमेरिका का डाउ जोन्स 254 अंक (0.62%) चढ़कर 41,368 पर, नैस्डेक कंपोजिट 190 अंक (1.07%) चढ़कर 17,928 पर और S&P 500 इंडेक्स 0.58% चढ़कर बंद हुआ।

विदेशी निवेशकों का बाजार पर भरोसा बरकरार

भारतीय बाजार में विदेशी निवेशकों (FII) की खरीदारी जारी है। कल यानी 8 मई को विदेशी निवेशकों ने 2,007.96 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। जबकि घरेलू निवेशकों ने इस दौरान 596.25 करोड़ रुपए के शेयर्स बेचे।

अप्रैल महीने में विदेशी निवेशकों की नेट खरीदारी 2,735.02 करोड़ रुपए रही। घरेलू निवेशकों ने भी महीनेभर में 28,228.45 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी की।

कल 412 अंक गिरा था शेयर बाजार

हफ्ते के चौथे कारोबार दिन आज यानी गुरुवार (8 मई) को सेंसेक्स 412 अंक गिरकर 80,335 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी भी 141 अंक नीचे 24,274 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 26 गिरावट के साथ बंद हु​​​​​​ए। जोमैटो का शेयर 3.97% गिरा है। महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, मारुति और टाटा स्टील के शेयर 3.5% तक नीचे बंद हुए। वहीं, HCL, एक्सिस बैंक, कोटक बैंक और टाइटन ऊपर बंद हुए।

निफ्टी के 50 शेयरों में से 45 में गिरावट रही। NSE के सेक्टोरल इंडाइसेज में रियल्टी 2.47%, मेटल 2.09%, हेल्थकेयर 1.95%, ऑटो 1.90%, फार्मा 1.62% और सरकारी बैंकिंग इंडेक्स 1.35% गिरकर बंद हुए। IT और मीडिया में मामूली तेजी रही।

पाकिस्तान पर ड्रोन अटैक की खबरों के बाद गिरा बाजार

कल (8 मई) शुरुआती कारोबार में बाजार फ्लैट था। सेंसेक्स-निफ्टी मामूली गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। लेकिन पाकिस्तान के कई बड़े शहरों पर भारत के ड्रोन अटैक की खबरों के बाद बाजार के आखिरी आधे घंटे में अचानक गिरावट आई।

कल पाकिस्तानी बाजार 6.58% टूटा

पहलगाम हमले के जवाब में भारत की ओर से की गई एयरस्ट्राइक के बाद आज 8 मई को पाकिस्तान के शेयर बाजार में 6% से ज्यादा की गिरावट आई है। कराची-100 इंडेक्स 7,241 अंक या 6.58% गिरकर 102,767 के स्तर पर बंद हुआ। गिरावट के कारण दिन में ट्रेडिंग भी रोकनी पड़ी थी। हालांकि, बाद में इसे फिर से चालू किया गया।

कल भी बाजार में 3,556 अंक (3.13%) की गिरावट रही थी। यानी, पाकिस्तान का बाजार दो दिन में करीब 10,000 पॉइंट गिर चुका है। वहीं 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद से KSE 100 में 13% की गिरावट आई है।