Loading...

दिल्ली-यूपी-छत्तीसगढ़ में बारिश-बिजली, 10 मौत:3 फ्लाइट कैंसिल

देशभर में मौसम ने करवट ली है। दिल्ली-एनसीआर, यूपी और छत्तीसगढ़ में गुरुवार रात आंधी-बारिश और बिजली-पड़े गिरने की घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई। दिल्ली-यूपी में 4-4 और छत्तीसगढ़ में 2 लोगों ने जान गंवाई है।

दिल्ली-एनसीआर से अभी भी तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चल रही है। यहां निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। दिल्ली एयरपोर्ट से 100 से ज्यादा फ्लाइट्स डिले हो गई हैं। 3 उड़ानों को डायवर्ट भी करना पड़ा।

इससे पहल गुरुवार को पश्चिम बंगाल के संदकफू में ताजा बर्फबारी हुई। जम्मू में भारी बारिश हुई जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग ने आज राजस्थान के 30 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे पहले गुरुवार को जयपुर, जैसलमेर, भीलवाड़ा और पाली में आंधी के साथ बारिश हुई और कई जगह ओले भी गिरे।

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, ओडिशा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में ओले गिर सकते हैं। जबकि राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब में धूल भर आंधी चलेगी।

दिल्ली में पेड़ गिरने से 3 बच्चों समेत मां की मौत

राजधानी दिल्ली में गुरुवार रात से ही आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश हो रही है। सुबह करीब 5 बजे के आसपास राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में तेज रफ्तार हवाएं चलनी शुरू हो गईं। हवाएं इतनी तेज थीं कि कई इलाकों में पेड़ की टहनियां टूटकर सड़क पर गिर गईं।

दिल्ली के द्वारका स्थित खारखड़ी नहर गांव में शुक्रवार सुबह तेज हवाओं के चलते एक नीम का पेड़ ट्यूबवेल रूम पर गिर गया। हादसे में एक महिला और उसके तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि महिला का पति घायल है।

अगले 3 दिनों का मौसम अपडेट...

  • 3 मई- राजस्थान में धूल भर आंधी चलेगी। मध्यप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, सिक्किम, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में ओले गिर सकते हैं। केरल, अरुणाचल प्रदेश और कर्नाटक में बारिश का अलर्ट है। यूपी, पंजाब, चंडीगढ, दिल्ली, बिहार, गुजरात में गर्मी का यलो अलर्ट है।
  • 4 मई- राजस्थान में धूल भर आंधी चलेगी। मध्यप्रदेश में ओले गिर सकते हैं। मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तमिलनाडु-पुडुचेरी, कर्नाटक, पूर्वी उत्तर प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश का अलर्ट है। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ में गर्मी का ऑरेंज अलर्ट है। जबकि यूपी, पंजाब, चंडीगढ, दिल्ली, बिहार, गुजरात में गर्मी का यलो अलर्ट है।
  • 5 मई- मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक, पूर्वी उत्तर प्रदेश, सिक्किम, बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, तमिलनाडु-पुडुचेरी और त्रिपुरा में बारिश का अलर्ट है। राजस्थान में धूल भरी आंधियां चल सकती हैं। मध्यप्रदेश, यूपी, पंजाब, चंडीगढ, दिल्ली, बिहार, गुजरात में गर्मी का यलो अलर्ट है।

Image Gallery