सेंसेक्स 70 अंक चढ़कर 80,288 पर बंद:निफ्टी फ्लैट 24,336 पर
हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन आज यानी मंगलवार, 29 अप्रैल को शेयर बाजार फ्लैट कारोबार रहा। सेंसेक्स 70 अंक चढ़कर 80,288 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में 7 अंक की तेजी रही, ये 24,336 पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 11 में तेजी रही। रिलायंस और टेक महिंद्रा के शेयर में 2.2% से ज्यादा की तेजी रही। अल्ट्राटेक सीमेंट, पावर ग्रिड और सनफार्मा के शेयर 2.3% से ज्यादा गिरकर बंद हुए।
निफ्टी के 50 शेयरों में से 31 में गिरावट रही। NSE के सेक्टोरल इंडाइसेज में सबसे ज्यादा गिरावट फार्मा में 1.06%, मेटल में 0.95% और मीडिया में 0.79% रही। IT में 1.23% की तेजी रही।
ग्लोबल मार्केट में मिला जुला कारोबार
- जापान का निक्केई आज बंद है। कल यह 134.25 अंक (0.38%) ऊपर 35,839 पर बंद हुआ था। कोरिया का कोस्पी 16अंक (0.65%) की तेजी के साथ 2,565 पर बंद हुआ।
- चीन का शंघाई कंपोजिट मामूली गिरावट के साथ 3,286 पर बंद हुआ। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 36 अंक (0.16%) चढ़कर 22,008 पर बंद हुआ।
- 28 अप्रैल को अमेरिका का डाउ जोन्स 114अंक (0.28%) चढ़कर 40,228 पर बंद हुआ। नैस्डेक कंपोजिट में 17 अंक (0.097%) की तेजी रही जबकि, S&P 500 इंडेक्स 4 अंक (0.064%) चढ़कर बंद हुआ।
- विदेशी निवेशक (FII) भारतीय बाजार में खरीदारी कर रहे हैं। FII ने बीते कारोबारी हफ्ते (21-25 अप्रैल) में भारतीय शेयर बाजारों में 17,425 करोड़ रुपए का निवेश किया है। अकेले कल यानी 28 अप्रैल को विदेशी निवेशकों ने 2,474.10 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। घरेलू निवेशकों ने भी 2,817.64 करोड़ रुपए की खरीदारी की।
एथर एनर्जी के IPO का दूसरा दिन
इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली कंपनी एथर एनर्जी का IPO कल यानी 28 अप्रैल से ओपन हो गया है। निवेशक इसके लिए 30 अप्रैल तक बोली लगा सकेंगे। इस IPO का इश्यू प्राइस ₹304-₹321 प्रति शेयर तय किया गया है। कंपनी इस पब्लिक इश्यू के जरिए 8.18 करोड़ शेयर्स बेचकर ₹8,750 करोड़ जुटाना चाहती है।
कल शेयर बाजार में 1000 अंक से ज्यादा की तेजी रही थी
शेयर बाजार में सोमवार, 28 अप्रैल को तेजी रही। सेंसेक्स 1,005 अंक (1.27%) की तेजी के साथ 80,218 के स्तर पर बंद हुआ। ये इसका 4 महीने का हाई लेवल है।
निफ्टी में भी 289 अंक (1.20%) की तेजी रही, ये 24,328 पर बंद हुआ। आज बैंकिंग, मेटल और फार्मा शेयर्स में तेजी रही। वहीं FMCG और IT शेयर्स पर दबाव देखने को मिला।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 में तेजी और 7 में गिरावट रही। वहीं निफ्टी के 50 शेयरों में से 39 शेयर बढ़कर और 11 शेयर गिरकर बंद हुए।