Loading...

राजस्थान में गर्मी ने 7 साल का रिकॉर्ड तोड़ा:जैसलमेर में 46 डिग्री के पार

देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। राजस्थान में सोमवार को गर्मी ने 7 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। जैसलमेर में दिन का तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस था। यह अप्रैल महीने में अब तक का सबसे ज्यादा तापमान है। इससे पहले जैसलमेर में 30 अप्रैल 2018 को तापमान 46.1 डिग्री था।

जैसलमेर के अलावा बाड़मेर में तापमान 46.4 डिग्री दर्ज हुआ। जोधपुर में पारा 44.4 डिग्री पहुंच गया। जयपुर, अलवर, भीलवाड़ा समेत बाकी शहरों में भी तापमान 40 डिग्री के ऊपर पहुंच गया था। मौसम विभाग ने कहा है कि राज्य में दो दिन भीषण होगी। 1 मई से आंधी-बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

दूसरी तरफ, मध्य प्रदेश और यूपी में आज बारिश का अलर्ट है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। मध्य प्रदेश में 2 मई और यूपी में 3 मई तक बूंदाबांदी जारी रहेगी। लखनऊ में सुबह से बादल छाए हैं। ठंडी हवाएं चल रही हैं। यूपी के 35 से ज्यादा जिलों का तापमान 40 डिग्री से कम हो गया है।

मौसम विभाग ने बिहार और छत्तीसगढ़ में बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 60 km प्रति घंटा हो सकती है। बिहार के 15 जिलों में यलो अलर्ट है। छत्तीसगढ़ में सोमवार को कई जिलों में आंधी और बारिश के साथ ओले गिरे। बारिश के बाद तापमान 7.3 डिग्री तक कम हो गया है।

केरल, कर्नाटक, ओडिशा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में भी भारी बारिश की चेतावनी है। पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में काल बैसाखी का मौसम चल रहा है। काल बैसाखी के दौरान भयंकर तूफान, बिजली और गरज के साथ बारिश होती है।