राज ठाकरे ने औरंगजेब कब्र विवाद की निंदा की
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे ने औरंगजेब कब्र विवाद की निंदा की है। राज ने रविवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में गुड़ी पड़वा रैली में कहा कि लोग वॉट्सऐप पर फॉरवर्ड मैसेज से इतिहास न पढ़ें, सोशल मीडिया से नहीं, विश्वसनीय जगहों से इतिहास पढ़ें। उन्होंने कहा, "इतिहास के नाम पर लोगों को लड़ाया जा रहा है, राजनेता इन मुद्दों को हवा दे रहे हैं ताकि विवाद को बढ़ाकर फायदा उठाया जा सके। हमें नदियों और पेड़ों की चिंता नहीं है, हम औरंगजेब की कब्र की फिक्र कर रहे हैं।"
इस विवाद की शुरुआत सपा विधायक अबू आजमी के बयान से शुरू हुई। उन्होंने 3 मार्च को कहा- हमें गलत इतिहास दिखाया जा रहा है। औरंगजेब ने कई मंदिर बनवाए हैं। मैं उसे क्रूर शासक नहीं मानता। इसके बाद छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज और सातारा से भाजपा सांसद उदयनराजे भोंसले ने कहा कि एक JCB मशीन भेजकर उसकी (औरंगजेब) कब्र को गिरा दो। इसके बाद 17 मार्च को नागपुर में विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने औरंगजेब की कब्र हटाने के लिए प्रदर्शन किया था। नागपुर में हिंसा भड़क गई थी।